
अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 14 सितंबर से
भोपाल[ महामीडिया] हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार – प्रसार और नई पीढ़ी को हिंदी से जोड़ने के उद्देश्य से विश्व रंग फाउंडेशन (भारत), रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल एवं वनमाली सृजन पीठ द्वारा संयुक्त रूप से विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 14 सितम्बर (हिंदी दिवस) से 30 सितम्बर (अंतरराष्ट्रीय अनुवाद दिवस) तक भारत सहित विश्व के 50 से अधिक देशों में आयोजित होगा। प्रेस वार्ता में विश्व रंग के निदेशक और रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे ने बताया की विश्वरंग हिंदी ओलंपियाड का औपचारिक उद्घाटन मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा 15 सितंबर को वेबसाइट के उद्घाटन के साथ किया जाएगा।
इस दौरान संतोष चौबे ने विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड पर बात करते हुए कहा कि विश्व रंग हिंदी ओलंपियाड 65 देशों में हिंदी के लिए काम करने वाले, हिंदी बोलने, सुनने, लिखने वाले लोगों को एक साथ लाने का कार्य करेगा। इसका 14 सितम्बर से 30 सितम्बर तक आयोजन किया जाएगा जिसमें भारत में कक्षा 1 से लेकर स्नातकोत्तर तक तथा विदेशों में लेवल 1 से लेवल 6 तक के विद्यार्थियों को छह स्तरों पर अवसर दिया जाएगा। हिंदी ओलंपियाड अपने स्वरूप और विस्तार के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा सांस्कृतिक,शैक्षणिक अभियान होगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दान किए जाएंगे साथ ही प्रत्येक प्रतिभागी को प्रमाणपत्र भी मिलेगा।