गणतंत्र दिवस परेड के साक्षी बनेंगे करीब 10,000 विशेष अतिथि

गणतंत्र दिवस परेड के साक्षी बनेंगे करीब 10,000 विशेष अतिथि

नई दिल्ली (महामीडिया):  देश का 77वां गणतंत्र दिवस इस वर्ष 26 जनवरी 2026 को राजधानी नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड को देखने के लिए देशभर से करीब 10,000 विशेष अतिथियों (पति-पत्नी सहित) को आमंत्रित किया गया है। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में दी है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन विशेष अतिथियों का चयन समाज के विभिन्न वर्गों से किया गया है। इनमें आय और रोजगार सृजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग, नवाचार करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्ति, शोधकर्ता, स्टार्ट-अप उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों से जुड़े प्रतिनिधि और सरकार की प्रमुख योजनाओं के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले लोग शामिल हैं। इन सभी को आमंत्रित करने का उद्देश्य उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देना और राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों में जनभागीदारी को और मजबूत करना है।

इन विशेष अतिथियों के लिए कर्तव्य पथ पर प्रमुख स्थानों पर बैठने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे परेड को नज़दीक से देख सकें। गणतंत्र दिवस समारोह के अलावा, उनके लिए दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, प्रधानमंत्री संग्रहालय (पीएम संग्राहलय) और अन्य प्रमुख दर्शनीय स्थलों के भ्रमण की भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, उन्हें संबंधित केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात और संवाद का अवसर भी मिलेगा।
 

सम्बंधित ख़बरें