नवीनतम
म.प्र.में शीतलहर
भोपाल [महामीडिया] आधे महीने से राज्य कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। बीते 24 घंटों में भोपाल, इंदौर समेत 7 जिलों में शीतलहर दर्ज की गई जबकि नरसिंहपुर में दिन का मौसम असामान्य रूप से ठंडा रहा। रात के समय भी कई शहरों में तापमान लगातार गिरा। शनिवार को भी भोपाल और इंदौर सहित 7 जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी है। गुरुवार से शुक्रवार की रात के बीच पचमढ़ी राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन में इस सीजन पहली बार तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नर्मदापुरम में घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर के बीच रही। वहीं भोपाल और इंदौर में न्यूनतम पारा लगातार 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार-शुक्रवार की रातों में भोपाल 9.6 डिग्री, इंदौर 8.4 डिग्री, ग्वालियर 12.8 डिग्री, उज्जैन 11.5 डिग्री और जबलपुर 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छतरपुर के नौगांव में तापमान 8.5 डिग्री, खरगोन में 8.8 डिग्री, नरसिंहपुर में 9 डिग्री और खंडवा में 9.4 डिग्री रहा। अन्य जिलों में भी तापमान लगातार नीचे जा रहा है।