ईडी ने अनिल अंबानी और टीना अंबानी को फिर तलब किया

ईडी ने अनिल अंबानी और टीना अंबानी को फिर तलब किया

नई दिल्ली (महामीडिया): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन मामले में ‘रिलायंस ग्रुप’ के चेयरमैन अनिल अंबानी और उनकी पत्नी टीना अंबानी को नया समन जारी कर पूछताछ के लिए अगले सप्ताह उसके समक्ष पेश होने को कहा है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पूर्व अभिनेत्री टीना अंबानी को सोमवार को यहां संघीय एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं। उन्होंने बताया कि अब टीना को 17 फरवरी को पूछताछ के लिए तलब किया गया है, जबकि अनिल अंबानी (66) को 18 फरवरी को पेश होने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इन समन पर ‘रिलायंस ग्रुप’ की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

पिछले वर्ष ईडी ने ‘रिलायंस ग्रुप’ की कई कंपनियों और उनसे जुड़े बैंक ऋणों की जांच के सिलसिले में अनिल अंबानी से पूछताछ की थी। ऐसा समझा जाता है कि टीना अंबानी को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक आलीशान संपत्ति की खरीद से जुड़े धन के लेनदेन के संबंध में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। ईडी ने हाल ही में इस मामले में रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व अध्यक्ष पुनीत गर्ग को गिरफ्तार किया था।

सम्बंधित ख़बरें