नवीनतम
ड्रग माफिया एल मेंचो की हत्या के बाद मेक्सिको में भारी तबाही
मुंबई [महामीडिया] मेक्सिको का सबसे ताकतवर और लंबे समय से फरार चल रहे ड्रग माफिया नेमेसियो ‘एल मेंचो’ ओसेगुएरा सर्वांतेस को रविवार को एक बड़े सैन्य ऑपरेशन में ढेर कर दिया गया.।वह जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल का सरगना था और अमेरिका-मेक्सिको दोनों देशों की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल था। एल मेंचो पहले एक पुलिसकर्मी था उसने CJNG को दुनिया के सबसे खतरनाक आपराधिक संगठनों में बदलने के लिए जाना जाता था। उस पर अमेरिका में फेंटानिल बनाने और तस्करी का आरोप था। अमेरिकी न्याय विभाग ने उस पर 2022 में आरोप तय किए थे। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी पर 136 करोड़ रुपये का इनाम रखा था जबकि मेक्सिको ने भी करोड़ों पेसो का इनाम घोषित किया था। इस कार्रवाई के बाद जलिस्को, मिचोआकान और गुआनाहुआतो समेत कम से कम पांच राज्यों में हिंसा भड़क उठी । संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने बसों और दुकानों में आग लगा दी सड़कों को जाम कर दिया और सुरक्षा बलों से झड़प की। पर्यटन स्थल प्यूर्टो वालार्टा में भी आग और धुएं के वीडियो सामने आए। हालात बिगड़ने पर एयर कनाडा ने अपनी उड़ानें रद्द कर दीं. जलिस्को के गवर्नर पाब्लो लेमुस ने लोगों से घरों में रहने की अपील की और सार्वजनिक परिवहन अस्थायी रूप से रोक दिया गया।