नवीनतम
हिमाचल के पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश
शिमला [महा मीडिया] हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मध्यम व निचले इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल पर ढाई फीट से ज्यादा ताज़ा बर्फबारी हो चुकी है। लाहौल स्पीति जिला का इससे शेष दुनिया से संपर्क कट गया है। शिमला शहर व इसके आसपास के क्षेत्रों में गत रात्रि से रूक-रूक कर वर्षा हो रही है। जबकि मनाली, केलंग और लाहुल-स्पीति के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। दर्राें में पिछले चार दिनों से हिमपात होने का क्रम बना हुआ है और तीन फीट से अधिक हिमपात हो चुका है। मनाली व इसके आसपास सोलंगनाला में सुबह से हिमपात हो रहा है जबकि मनाली के निचले हिस्सों में गत रोज से वर्षा हो रही है। अटल टनल और उसके आसपास के इलाकों में भी बर्फ गिरने का सिलसिला जारी है जिसके चलते सोलंगनाला से आगे वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।