
यमुना नदी में उफान से दिल्ली में बाढ़ का खतरा
भोपाल [महामीडिया] दिल्ली-एनसीआर में कल से लगातार हो रही भारी बारिश ने ट्रैफिक की समस्याएं बढ़ा दी हैं। विशेषकर दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आवाजाही धीमी हो गई है। इस स्थिति ने यमुना नदी के किनारे बाढ़ की संभावना भी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने इस इलाके में सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। प्रभावित लोगों को रिलीफ कैंप में शिफ्ट किया जा रहा है। आज सुबह 6 बजे यमुना का जलस्तर 205.68 मीटर दर्ज किया गया जो कि खतरे की सीमा 205.33 मीटर से ज्यादा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शाम 5 बजे तक जलस्तर 206.50 मीटर तक पहुंच सकता है। हरियाणा के हठनीकुंड बैराज से हर घंटे बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है जिससे राजधानी के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। शाहदरा के जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि लोहे पुल पर मंगलवार शाम 5 बजे से ट्रैफिक और आम लोगों की आवाजाही रोक दी जाएगी।