बांके बिहारी मंदिर में उड़ा अबीर और गुलाल

बांके बिहारी मंदिर में उड़ा अबीर और गुलाल

भोपाल [महामीडिया] वृंदावन में आज रंगभरी एकादशी के अवसर पर भक्ति और उत्साह के साथ होली उत्सव की भव्य शुरुआत हुई। विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंगला आरती के बाद सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुरजी को विधि-विधान से रंग और अबीर अर्पित किया जिसके साथ ब्रज की पारंपरिक होली का शुभारंभ हो गया। स्वर्ण जड़ित पिचकारी से ठाकुर बांके बिहारी ने भक्तों पर रंग बरसाया तो पूरा मंदिर परिसर “राधे-राधे” और “होली है” के जयघोष से गूंज उठा। प्रसादी गुलाल जैसे ही श्रद्धालुओं पर डाला गया लोग भक्ति में सराबोर होकर झूमने लगे। इस दौरान फूलों की वर्षा की गई और जलेबी व लड्डुओं की प्रसादी भी लुटाई गई। प्रसाद लूटने के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने पहले ठाकुरजी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया फिर बाहर निकलकर एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाय।  कुछ ही देर में पूरा परिसर अबीर और रंगों से सराबोर हो गया।

सम्बंधित ख़बरें