भारत और यूरोपीय संघ के बीच ऐतिहासिक साझेदारी
मुंबई [महा मीडिया] प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि यह समझौता भारत और यूरोप की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच एक ऐतिहासिक साझेदारी है। इससे कारोबार और आम लोगों दोनों को बड़ा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते से कपड़ा उद्योग और चमड़ा उद्योग को लाभ मिलेगा। इससे नए काम के मौके बनेंगे और व्यापार बढ़ेगा। लोग इस समझौते को ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कह रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता 140 करोड़ भारतीयों और करोड़ों यूरोपीय लोगों के लिए नए अवसर लेकर आया है। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बताया कि यह मुक्त व्यापार समझौता दुनिया की कुल जीडीपी के 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार के करीब एक-तिहाई हिस्से को कवर करता है। यह समझौता एक साल के भीतर लागू हो सकता है। करीब 20 साल तक चली बातचीत और देरी के बाद यह समझौता अब साइन हुआ है। इसके तहत भारत अपने बड़े बाजार को 27 देशों वाले यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार के लिए खोलेगा। यूरोपीय संघ इस समय भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।