बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल निर्माण कार्य का शुभारंभ

बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल निर्माण कार्य का शुभारंभ

भोपाल [ महामीडिया] दवा और दुआ का फार्मूला साथ-साथ चलाने वाले बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मंशा के अनुरूप गत वर्ष जिस कैंसर अस्पताल की आधारशिला देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रखी गई थी उस अस्पताल का अब विधिवत निर्माण कार्य शुरू हो रहा है। एस्सार ग्रुप के डायरेक्टर प्रशांत रुइया ने इस कार्य को अपने हाथों में लिया है। शुक्रवार को वे अपनी टीम के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे जहां उन्होंने बालाजी के चरणों में शीश झुकाते हुए बागेश्वर महादेव को प्रणाम किया इसके बाद उन्होंने महाराज श्री के दर्शन किए। अब तक कैंसर अस्पताल की बाउंड्रीवाल का कार्य चल रहा था जो लगभग पूर्ण हो चुका है। करीब 3 किलोमीटर लंबी चहारदिवारी बनाकर अस्पताल क्षेत्र को चिन्हित कर दिया गया है।
अस्पतालों में मंदिर कई जगह देखने को मिल गए होंगे लेकिन सिद्ध पीठ बागेश्वर बालाजी के मंदिर में अस्पताल बनाने का सपना बागेश्वर महाराज ने देखा था। सद्गुरु भगवान सन्यासी बाबा के आशीर्वाद से क्षेत्र ही नहीं प्रदेश और प्रदेश भर के गरीब व जरूरतमंद कैंसर पीड़ित लोगों को राहत देने के उद्देश्य से बागेश्वर बालाजी कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर के निर्माण की शुरुआत की जा रही है। इस विशाल अस्पताल को बनाने का दायित्व एस्सार ग्रुप के प्रशांत रुइया ने लिया है। पांच कन्याओं का पूजन करने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अस्पताल निर्माण कार्य की ईंटें रखी गई। अस्पताल के तैयार हो जाने से आने वाले समय में लाखों लोगों के लिए यह जीवनदायी साबित होगा। इस अवसर पर श्री रुइया की टीम के अलावा श्रृंगारी महाराज सहित साधु, संत और केजेएस सीमेंट कंपनी के डायरेक्टर पवन अहलूवालिया विशेष रूप से उपस्थित । अस्पताल के मुख्य ढांचे को तैयार करने में 18 से 20 माह लगेंगे। 
यह कैंसर अस्पताल बुंदेलखंड क्षेत्र ही नहीं पूरे प्रदेश और देश के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए वरदान साबित होगा, जहाँ उन्हें आधुनिक और सुलभ उपचार सुविधाएँ मिल सकेंगी। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा देगी। 25 एकड़ के अस्पताल कैंपस में जहां स्टाफ के रहने की व्यवस्था होगी वहीं मरीजों के परिजनों को ठहरने के लिए धर्मशाला भी बनाई जाएगी। अस्पताल क्षेत्र में बायो पार्क एवं बोटैनिकल गार्डन भी तैयार किया जाएगा।  परिसर में एक गौशाला बनाई जाएगी। इसके अलावा सोलर पार्क तैयार होगा जिससे अस्पताल रोशन होगा।

सम्बंधित ख़बरें