महाकाल की नगरी ‘उज्जैन’ में नौ प्रवेश द्वार बनाये जायेंगे
उज्जैन [महामीडिया] भगवान महाकाल की नगरी ‘उज्जैन’ अपने प्रवेश मार्गों पर भव्य और प्रतीकात्मक पहचान गढ़ने जा रही है। शहर के नए प्रमुख मार्गों पर नौ प्रवेश द्वार बनाने जा रहा है।यह परियोजना केवल शहरी सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य उज्जैन की हजारों वर्षों पुरानी सनातन परंपरा, खगोल–कालगणना, सिंहस्थ संस्कृति और राजकीय गौरव को मूर्त रूप देना है। जब कोई श्रद्धालु, पर्यटक या आगंतुक उज्जैन की सीमा में प्रवेश करेगा तो ये द्वार उसे यह एहसास कराएंगे कि वह किसी साधारण नगर में नहीं बल्कि काल, धर्म और मोक्ष की राजधानी में कदम रख रहा है। योजना के तहत इंदौर रोड, देवास रोड, आगर रोड, मक्सी रोड, बड़नगर रोड और सिंहस्थ से जुड़े प्रमुख मार्गों सहित विभिन्न दिशाओं से शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों परयह द्वार निर्मित किए जाएंगे। प्रवेश द्वारों के आसपास सड़क चौड़ीकरण, सर्विस रोड, मीडियन, हरित पट्टी और ट्रैफिक सुव्यवस्था का भी विकास किया जाएगा ताकि शहर की पहली छवि भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामयी बने।