एथनॉल मिश्रित ई 25 पेट्रोल बाजार में उतारने की तैयारी
भोपाल [महा मीडिया] सरकार ने देश में अनिवार्य ई20 पेट्रोल से आगे बढ़कर अधिक एथनॉल मिश्रित ई 25 लागू करने की संभावना पर वाहन कंपनियों के साथ चर्चा शुरू कर दी है। इस बदलाव को लेकर वाहन उद्योग में नियमों, तकनीकी चुनौतियों और उपभोक्ताओं पर असर को लेकर चिंताएं भी दिख रही हैं। वर्तमान में भारत के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर ई20 पेट्रोल (20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण) उपलब्ध है और इसे अगले महीने से पूरे देश में अनिवार्य किया जाना है। एथनॉल का उत्पादन पूरी तरह से भारत में ही होता है जबकि देश अपनी 85 प्रतिशत से अधिक कच्चे तेल की जरूरत आयात से पूरी करता है। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है और वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार उपभोक्ताओं पर असर कम करने के लिए वैकल्पिक उपाय तलाश रही है।