अढ़तियों और सहकारी समितियों के कमीशन दरों में बढ़ोतरी
भोपाल [महामीडिया] केंद्र सरकार ने गेहूं और धान की सरकारी खरीद से जुड़े अढ़तियों और सहकारी समितियों के लिए कमीशन दरों में बढ़ोतरी को अनुमति दे दी है। यह नई दरें रबी विपणन सत्र 2026-27 से लागू होंगी। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य खरीद व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाना है जिससे मंडियों में काम करने वाली एजेंसियों को बेहतर समर्थन मिल सके। कमीशन दरों में संशोधन का फैसला राज्य सरकारों की मांग के आधार पर लिया गया है। संशोधन के बाद आढ़तियों को दिया जाने वाला कमीशन 46.00 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 50.75 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा जबकि गेहूं के लिए यह 41.40 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 45.67 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा। इसी तरह सहकारी समितियों को दिए जाने वाले कमीशन में भी बदलाव किया गया है। गेहूं की खरीद के लिए कमीशन 27.00 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 29.79 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा जबकि धान के लिए यह 32.00 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 35.30 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा।