नवीनतम
शिव तत्व की जाग्रति से ही विश्व में आएगी शांति और आनंद: ब्रह्मचारी गिरीश जी
भोपाल (महामीडिया): गुरुदेव स्वामी ब्रह्मानन्द सरस्वती आश्रम भोपाल में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर महर्षि शैक्षणिक संस्थान समूह के अध्यक्ष वेद विद्या मार्तण्ड ब्रह्मचारी गिरीश जी द्वारा १२१ सिद्धहस्त महर्षि वैदिक पंडितों के साथ महारुद्राभिषेक संपन्न किया गया। सम्पूर्ण वातावरण रुद्रीपाठ के मन्त्रों से गुंजायमान हो गया और वायुमंडल पवित्र हो गया। इस अवसर पर महर्षि संस्थानों के निदेशक, शिक्षक, कार्यकर्त्ता, वैदिक पंडित, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में भोपाल नगर के गणमान्य भक्त जन उपस्थित हुए। रुद्राभिषेक के पश्चात् ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कहा कि "भगवान् शिव का अभिषेक चेतना में शिव तत्व की पूर्ण जाग्रति करता है। शिवमय चतुर्थ स्तर की भावातीत चेतना शांत, अद्वैत की द्योतक, सर्वसमर्थ, सर्वव्यापी, ओजस्वी, तेजस्वी और अत्यंत आनंद की अवस्था होती है अतः प्रत्येक व्यक्ति को परा की चेतना में स्थित होकर भगवान् शिव का अभिषेक करना चाहिए।" गिरीश जी ने आगे कहा कि "आज प्रत्येक व्यक्ति और सम्पूर्ण विश्व परिवार को तनाव से मुक्ति, शांति और आनंद की आवश्यकता है और परम् पूज्य महर्षि महेश योगी जी द्वारा प्रशस्त वैदिक मार्ग का अनुसरण करके हम सब आदर्श जीवन व्यतीत कर सकते हैं।"