महाकाल में शिवनवरात्रि महोत्सव
भोपाल [महामीडिया] विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में 6 फरवरी 2026 से शिवनवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया है। फाल्गुन कृष्ण पंचमी से आरंभ होने वाला यह पावन उत्सव इस वर्ष हिंदू पंचांग में तिथि वृद्धि के कारण 10 दिनों तक मनाया जाएगा। शिवनवरात्रि उत्सव के दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर अपने भक्तों को प्रतिदिन अलग-अलग दिव्य स्वरूपों में दर्शन देंगे। शिवनवरात्रि उत्सव का प्रारंभ परंपरा के अनुसार कोटेश्वर महादेव के पूजन एवं आरती से हुआ। कोटेश्वर महादेव के पूजन के पश्चात भगवान श्री महाकालेश्वर का विशेष पूजन-अभिषेक प्रारंभ किया गया। संपूर्ण शिवनवरात्रि के दौरान प्रतिदिन 11 ब्राह्मणों द्वारा एकादश एकादशनी रुद्राभिषेक किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर को केसर-चंदन का उबटन अर्पित किया जाएगा और इसके पश्चात भोग आरती संपन्न होगी। 6 फरवरी से लेकर 14 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे भगवान श्री महाकालेश्वर के सांध्य पूजन के पश्चात विशेष श्रृंगार किया जाएगा। यह क्रम पूरे शिवनवरात्रि उत्सव के दौरान निरंतर चलेगा। 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर संपूर्ण दिवस भगवान श्री महाकालेश्वर का सतत जलधारा से अभिषेक किया जाएगा। वहीं रात्रि भर विशेष महापूजन एवं अभिषेक का आयोजन होगा जिसमें श्रद्धालु पूरी रात भगवान शिव की आराधना करेंगे।