नवीनतम
अमेरिका में कंपनियों ने इलेक्ट्रिक कार के उत्पादन से हाथ खींचे
भोपाल [महा मीडिया] होंडा ने अमेरिका में इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की योजना रद्द कर दी है। कंपनी ने कहा है कि अमेरिका में ईवी की मांग धीमी पड़ने और नीतिगत बदलावों के कारण उसने यह फैसला किया है। कंपनी को 1957 में शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद पहली बार 2025-26 में 36,550 करोड़ रुपए से ज्यादा घाटा होने का अंदेशा है। ईवी से जुड़ी रणनीति बदलने से भी कंपनी को 1.45 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है।अमेरिका में ईवी मार्केट का विस्तार कई कारणों से धीमा पड़ा है। सरकार ने ईवी प्रोत्साहन कम कर दिए हैं और पेट्रोल-डीजल से जुड़े नियमों में ढील दी है। अमेरिकी प्रशासन ऑटो कंपनियों को बड़े पिकअप और एसयूवी बेचने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। कंपनी को नई टैरिफ नीति के कारण पेट्रोल और हाइब्रिड कारों से मुनाफा घट रहा है। इससे कमाई पर दबाव बढ़ा है। इसी वजह से कंपनी ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अपनी ईवी प्लान टालने का फैसला किया है। होंडा के साथ फोर्ड, जनरल मोटर्स और स्टेलांटिस जैसी कंपनियां भी ईवी योजनाएं टाल रही हैं। इन्हें इनमें किए गए निवेश पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।