म.प्र. कैबिनेट ने तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते की मंजूरी दी
भोपाल [महामीडिया] भोपाल में आज मंगलवार को मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्य प्रदेश मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनर्स को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की मुख्यमंत्री की घोषणा का औपचारिक अनुसमर्थन किया गया। बैठक में खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के चलते प्रदेश में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति तथा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई, ताकि आपूर्ति प्रभावित न हो और आवश्यक तैयारियां की जा सकें। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से पेयजल परियोजनाओं तथा लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही जल संसाधन विभाग द्वारा नहरों और बांधों के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव भी चर्चा में रहे। बैठक से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रियों के साथ चर्चा करते हुए टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को मंत्रि-परिषद की ओर से हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।