कीटनाशक नियमों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू
मुंबई [महामीडिया] भारत के कृषि मंत्रालय ने कीटनाशक नियम में संशोधन के लिए एक मसौदा अधिसूचना जारी की है। यह प्रस्ताव कीटनाशकों की बिक्री, भंडारण और वितरण से जुड़े लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं को सरल बनाने और नियामकीय स्पष्टता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मसौदे पर 30 दिनों के भीतर सार्वजनिक टिप्पणियां और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। यदि किसी व्यवसाय के पास एक ही लाइसेंसिंग अधिकारी के अधिकार क्षेत्र में कई बिक्री या भंडारण स्थल हैं तो वह एक ही आवेदन के माध्यम से सभी स्थानों के लिए एकीकृत लाइसेंस प्राप्त कर सकेगा। यह बदलाव प्रशासनिक बोझ को कम करने और एग्रोकेमिकल कंपनियों तथा रिटेल नेटवर्क के विस्तार को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।