नोएडा में पचास कंपनियों और दो सौ गाड़ियों में तोड़फोड़
नोएडा [महामीडिया] गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा में निजी कंपनियों के कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी कई सेक्टरों में जमकर उत्पात मचा रहे हैं। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज भी किया है। सेक्टर 57 में पिछले एक घंटे में प्रदर्शनकारियों ने करीब पचास कंपनियों और दो सौ गाड़ियों में तोड़फोड़ की है। सेक्टर 57 में उपद्रवियों ने कंपनियों में तोड़फोड़ की और इमारतों के शीशे तोड़े जिससे स्टाफ को भागना पड़ा। बड़ी संख्या में कंपनियों में तोड़फोड़ और पथराव हुआ है। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया है। प्रदर्शनकारी अब समूह में निकल रहे हैं उनके हाथों में डंडे और छड़ हैं वह लगातार पत्थर भी चला रहे हैं। यह प्रदर्शन हिंसक होता जा रहा है।