विजयपुर में ट्रैक्टर पलटने से चार महिला श्रद्धालुओं की मौत

विजयपुर में ट्रैक्टर पलटने से चार महिला श्रद्धालुओं की मौत

भोपाल [ महामीडिया] श्योपुर जिले के विजयपुर क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया है जब श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब 28 लोग घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा खितरपाल गांव के पास हुआ। वीरपुर के घुघस गांव से गुर्जर समाज के लोग पार्वती बड़ौदा में भात मांगने जा रहे थे। ट्रैक्टर में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और असंतुलन के चलते ट्रैक्टर पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला गया है और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

सम्बंधित ख़बरें