सात दिवसीय खजुराहो नृत्य समारोह 20 फरवरी से
भोपाल [महामीडिया] खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी 2026 तक कंदरिया महादेव और जगदंबा मंदिर परिसर में आयोजित होगा। बसंत ऋतु के आगमन के साथ मंदिर प्रांगण एक बार फिर तबले की थाप और घुंघरुओं की झंकार से गुंजायमान होगा। सात दिनों तक देश के प्रतिष्ठित और उदीयमान नृत्य कलाकार शास्त्रीय नृत्य की विविध परंपराओं को मंच पर साकार करेंगे। इस वर्ष समारोह की थीम ‘नटराज’ निर्धारित की गई है। यह थीम सृजन, लय और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है जो आयोजन को दार्शनिक और आध्यात्मिक गहराई प्रदान करेगी। समारोह में कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, कथकली, मणिपुरी, सत्रिया और छाऊ जैसी शास्त्रीय शैलियों की प्रस्तुतियां होंगी।