म.प्र में किसानों के लिए राज्य स्तरीय ईनामी प्रतियोगिता

म.प्र में किसानों के लिए राज्य स्तरीय ईनामी प्रतियोगिता

भोपाल [महामीडिया] कृषकों के कल्याण और उन्हें नई तकनीकों तथा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से वर्ष 2026 को ‘‘कृषक कल्याण वर्ष’’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के किसानों के लिए ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल, ई-स्कूटर सहित कई आकर्षक पुरस्कार जीतने का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया गया है। राज्य स्तरीय ईनामी प्रतियोगिता मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं कृषि विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रत्येक जिले के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटर दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को भी विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसानों को www.veerbharatnyas.com वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। पंजीयन के दौरान कृषकों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी दर्ज कर लॉगिन करना होगा। पंजीयन के बाद किसानों के लिए कृषि से संबंधित एक ऑनलाइन क्विज आयोजित की जाएगी जिसमें 24 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न का सही उत्तर 24 मिनट के भीतर देना होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 15 मार्च  निर्धारित की गई है। सभी सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों में से विजेताओं का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा जिससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

सम्बंधित ख़बरें