नवीनतम
मंडी में लैंडस्लाइड से 7 की मौत
शिमला (महामीडिया): हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट की चेतावनी के बीच भारी बारिश तबाही मचा रही है। कुल्लू के अखाड़ा बाजार में देर रात लैंडस्लाइड की चपेट में आने से 2 घर गिर गए। इनमें एनडीआरएफ जवान समेत 2 लोग दब गए। इससे पहले, मंडी के सुंदरनगर में 2 घरों पर लैंडस्लाइड हो गया था। मलबे में दबने से 7 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 4 एक ही परिवार के हैं।
पिछले 24 घंटे में लैंडस्लाइड और घर ढहने से 13 लोगों की मौत हुई है। शिमला के रामपुर में विश्वकर्मा मंदिर का एक हिस्सा टूट गया। किन्नौर में एनएच-5 पर वांगतू में सड़क किनारे खड़े पांच ट्रक पहाड़ी से पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं मंडी के जोगिंद्रनगर में कुंडुनी गांव में लैंडस्लाइड से घरों को खतरा पैदा होने के बाद आज सुबह पूरा गांव खाली कराया गया। इसके बाद गांव के लोग अपने पालतू मवेशियों के साथ दूसरी जगह शिफ्ट हो गए।
प्रदेश में जारी भारी बारिश के बीच शिमला, सोलन, चंबा, सिरमौर, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा में सभी स्कूल और कॉलेज बंद हैं। संबंधित जिलों के DC ने सभी स्कूलों के मुखिया को ऑनलाइन क्लास लगाने के निर्देश दिए हैं।
राज्य में लैंडस्लाइड से 1333 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने आज दोपहर 12 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर, हमीरपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सिरमौर, सोलन, ऊना जिलों में भारी से बारिश की संभावना जताई गई है।