नवीनतम
भोपाल: बैरागढ़ की पटाखा दुकान में लगी भीषण आग
भोपाल (महामीडिया): भोपाल का बैरागढ़ रोड शुक्रवार तड़के पटाखों के धमाकों से दहल उठा। यहां एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। पटाखों की वजह से बार-बार धमाके होते रहे और आग की लपटें करीब 70 फीट ऊपर तक उठ गईं।
पटाखा दुकान हलालपुरा में मुख्य सड़क किनारे ही है। दिन में यहां खासा ट्रैफिक रहता है। वहीं, आसपास गाड़ियां भी खड़ी रहती है। गनीमत रही कि आग रात में लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, बैरागढ़ रोड स्थित सुंदर वन गार्डन के ठीक सामने सोनी पटाखा दुकान में तड़के करीब साढ़े 3 बजे आग लगी। सूचना मिलने पर फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर समेत कई फायर स्टेशनों से दमकलें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने लगी। फायर फाइटर शाहनाबाज अहमद ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। करीब तीन घंटे में आग काबू आ सकी। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और एक तरफ की सड़क से ट्रैफिक बंद कराया। दुकान सड़क से सटकर होने की वजह से पटाखें उड़कर यहां पर आ रहे थे। बिजली कंपनी ने इलाके की लाइट बंद की। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। सुबह 7 बजे तक आग काबू में आ पाई।