नवीनतम
कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात
नई दिल्ली (महामीडिया): कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की एक तस्वीर साझा की।
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘ कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।’’
इससे पहले कल बृहस्पतिवार को डी.के. शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और दोनों नेताओं के बीच राज्य की विकास प्राथमिकताओं पर ‘‘सार्थक चर्चा’’ हुई।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’’
शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने मोदी के साथ कर्नाटक की विकास प्राथमिकताओं पर ‘‘सार्थक चर्चा’’ की, जिसमें बुनियादी ढांचा, निवेश, शहरी परिवहन, सिंचाई, नवाचार और लोगों के जीवन को सीधे प्रभावित करने वाली कल्याणकारी योजनाएं शामिल रहीं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कर्नाटक का मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद आज नयी दिल्ली में पहली बार माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक हमेशा से भारत की विकास गाथा में एक अहम भागीदार रहा है तथा उन्होंने इस भूमिका को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं विकास को गति देने, बेहतर अवसर आकर्षित करने और कर्नाटक के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सहकारी संघवाद की भावना से केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद रखता हूं। साथ मिलकर हम एक मजबूत कर्नाटक बना सकते हैं और एक मजबूत भारत में सार्थक योगदान दे सकते हैं।’’
शिवकुमार नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में शामिल होने राष्ट्रीय राजधानी आए हैं।