नवीनतम
राज्यसभा विवाद: विरोध प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेस नेता हिरासत में
नई दिल्ली (महामीडिया): मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में दिल्ली पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक विक्रांत भूरिया सहित कई कांग्रेस नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस विधायक मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के मामले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करना चाहते थे।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को सूचित किया गया कि फिलहाल मुलाकात के लिए समय उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च के लिए रवाना हुए।
पुलिस ने कांग्रेस विधायकों और नेताओं को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय 24 अकबर रोड के पास ही बैरिकेड लगाकर रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने और बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस का आरोप है कि राज्यसभा चुनाव में उसकी प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी लगातार कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है। राष्ट्रपति से मुलाकात कर कांग्रेस इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करना चाहती थी। उमंग सिंघार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि एक दिन पहले उन्होंने राष्ट्रपति से मिलने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन उन्हें ईमेल के माध्यम से सूचित किया गया कि फिलहाल समय उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों से मिलने के लिए राष्ट्रपति के पास समय नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। सिंघार ने कहा कि देश में बन रही परिस्थितियां लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत धीरे-धीरे “इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी” यानी चुनावी सत्तावाद की ओर बढ़ रहा है, जहां विपक्ष और मीडिया सिर्फ औपचारिक भूमिका तक सीमित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यपालिका का केंद्रीकरण, विधायिका की कमजोर होती निगरानी, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश और पत्रकारों के उत्पीड़न जैसी स्थितियों पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता है।