नवीनतम
जयशंकर ने भारतीय नाविकों पर हमलों का कड़ा विरोध किया
नई दिल्ली (महामीडिया): विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में खाड़ी में अमरीकी नौसेना के हमलों पर कड़ा विरोध जताया। इन हमलों में तीन भारतीय नाविक मारे गए थे। डॉ. जयशंकर ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह की घातक कार्रवाई उचित नहीं है। ओमान तट पर टैंकर एमटी सेट्टेबेलो पर अमरीकी हमले में तीन भारतीय चालक दल के सदस्यों की मौत के कुछ दिनों बाद यह बातचीत हुई है।
जहाज पर भारतीय चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। इनमें से 21 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। लापता तीन नाविकों की बाद में मौत की पुष्टि हुई। इस घटना के बाद, भारत ने कड़ा विरोध जताते हुए अमरीकी राजनयिक को नई दिल्ली में तलब किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इससे पहले कहा था कि भारतीय चालक दल के सदस्यों को ले जाने वाले व्यापारिक जहाजों पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए। उन्होंने संवाद और कूटनीति के माध्यम से क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के लिए का भी आह्वान किया।