नवीनतम
बोलिविया में नोटों से भरा विमान दुर्घटनाग्रस्त, 15 लोगों की मौत
भोपाल [महा मीडिया] बोलिविया के एल आल्टो शहर में आज शनिवार सुबह वायुसेना का नोटों से भरा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। विमान देश के सेंट्रल बैंक के नए नोट लेकर जा रहा था। खराब मौसम के बीच विमान लैंडिंग के बाद रनवे से फिसलकर पास की व्यस्त सड़क पर जा गिरा। जिस सड़क पर यह गिरा वहां खड़ी 10 से 15 गाड़ियां भी इसके चपेट में आ गईं। एयरक्राफ्ट का मलबा, टूटी हुई कारें और लाशें सड़क पर बिखरी नजर आई। सड़क पर बैंक के नोट भी बिखरे नजर आए जिन्हें उठाने के लिए लोग मौके पर जुट गए। हादसे के बाद एयरपोर्ट अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यह बोलिवियन एयर फोर्स का एक हरक्यूलिस एयरक्राफ्ट था जो सेंट्रल बैंक से दूसरे शहरों में नए बैंकनोट ले जा रहा था।