लोकलेखा समिति पूरक पोषण आहार मामले को लेकर गंभीर
भोपाल [ महामीडिया] कैग की रिपोर्ट के अनुसार 428 करोड़ रुपये का पूरक पोषण आहार घोटाला सामने आया था। अब इस मामले में म.प्र. विधानसभा की लोकलेखा समिति ने महिला बाल विकास विभाग में हुए पूरक पोषण आहार घोटाले में लिप्त अधिकारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का विवरण मांगा है। जानकारी न मिलने के कारण विधानसभा समिति की आगामी कार्रवाई में अत्यधिक विलंब हो रहा है इसे सचिवालय ने गंभीरता से लिया है। रिपोर्ट में कई आपत्तियां उठाई गई हैं। 2018 से 2021 के बीच टेक होम राशन योजना में अनियमितता की भरमार रही है। छह उत्पादन संयंत्रों (बाडी, धार, मंडला, रीवा, सागर और शिवपुरी) ने 26.94 करोड़ रुपये का राशन परिवहन दिखाया लेकिन जांच में वाहन नंबर मोटरसाइकिल और आटो के निकले। 62.53 करोड़ रुपये का राशन कागजों पर तो निकला लेकिन आंगनवाड़ी केंद्रों तक कभी पहुंचा ही नहीं। करीब 237 करोड़ रुपये मूल्य के राशन के नमूने पोषण मानकों पर खरे नहीं उतरे।