कटनी के चार वेयरहाउसों पर छापामारी

कटनी के चार वेयरहाउसों पर छापामारी

कटनी [महामीडिया] कटनी के 4 वेयरहाउस पर आज छापामारी की गई है। यूपी, छत्तीसगढ़ आदि बाहर की धान को खरीदकर 1 दिसंबर से शुरू होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में खपाने की आशंका को लेकर की गई इस जांच कार्रवाई से हडक़ंप मच गया है। अधिकारियों ने भारी मात्रा में धान का स्टॉक भंडारित पाया है। चार वेयर हाउसों में 30 हजार 993 क्विंटल धान याने कि 7 करोड़ 34 लाख 22 हजार 417 रुपए की धान भंडारित पाई गई है। प्रशासन की इस जांच से वेयर हाउस संचालक आवाक रह गए हैं। कलेक्टर तिवारी के निर्देश के पालन में 4 वेयर हाउस में भंडारित कृषि उपज का भौतिक सत्यापन करने औचक निरीक्षण किया गया । इस दौरान इन वेयर हाउस  के भौतिक सत्यापन में 77 हजार 488 बोरियों में 30 हजार 993 क्विंटल धान पाई गई। जिसमें भौतिक सत्यापन के दौरान श्रीनिवास वेयरहाउस मझगवां में 19 हजार 352 बोरी में 7 हजार 740 क्विंटल धान और श्रीरामा कृष्णा वेयरहाउस एंड एग्रो सर्विसेज मझगवां फाटक से 6 हजार 647 बोरी में 2 हजार 658 क्विंटल धान तथा मधुर महादेव वेयरहाउस से 15 हजार 808 बोरी में 6 हजार 323 क्विंटल धान और गुप्ता वेयरहाउस से 35 हज़ार 681 बोरी में  14 हजार 272 क्विंटल पाई गई धान शामिल हैं।   

सम्बंधित ख़बरें