मोहन यादव की केंद्र सरकार से गेहूं उपार्जन का कोटा बढ़ाने की अपील
भोपाल [ महामीडिया] म.प्र. में इस वर्ष गेहूं की 'डबल' हुई पैदावार को देखते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से गेहूं उपार्जन का निर्धारित कोटा बढ़ाने की अपील की है ताकि बंपर उत्पादन का पूरा लाभ किसानों तक पहुंचाया जा सके। मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण गेहूं के निर्यात में आई कमी और जूट के आयात में आ रही बाधाओं के बावजूद राज्य सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में वैश्विक परिदृश्य काफी जटिल है जिसके कारण भारत से गेहूं का निर्यात लगभग न के बराबर हो रहा है। इसके साथ ही पश्चिम एशिया के युद्ध जैसे हालातों के चलते विदेशों से आने वाले जूट की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इन विषम परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश सरकार ने किसानों का साथ नहीं छोड़ा है और वैकल्पिक तौर पर पॉली बैग्स की व्यवस्था कर गेहूं की खरीदी सुचारू रूप से शुरू कर दी है।