टी-20 विश्व कप फ़ाइनल मैच में कई रिकॉर्ड बने
मुंबई [महामीडिया] भारत ने 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया ने 96 रनों से शानदार जीत हासिल की और तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रन का विशाल टारगेट सेट किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड टीम 159 के स्कोर पर ढेर हो गई। टी-20 विश्व कप मैच में कई रिकॉर्ड बने।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में युवा भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इतिहास रच दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में अभिषेक ने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 18 गेंदों में अद्र्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी 52 रन की पारी के दौरान कुल 21 गेंदों का सामना किया। इस पारी के दौरान उन्होंने छह शानदार चौके और तीन गगनचुंबी छक्के लगाए। अभिषेक शर्मा ने टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में विराट कोहली के कारनामे को दोहरा दिया।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए भारत ने टी20 विश्व कप नॉकआउट इतिहास का सबसे तेज टीम शतक जड़ दिया। टीम इंडिया ने यह कारनामा मात्र 7.2 ओवर में किया। भारत से पहले टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मैचों में सबसे तेज टीम शतक लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम था। उन्होंने इसी विश्व कप में ये कारनामा किया था।
भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 गेंदों में 89 रन बनाए। उन्होंने अभिषेक शर्मा (21 गेंदों में 52) के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की। सैमसन ने अपनी पारी में पांच चौके और आठ छक्के ठोके। उन्होंने मेट हैनरी द्वारा डाले गए पहले ओवर में एक छक्का जमाया। सैमसन टी20 वल्र्ड कप में पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के जडऩे वाले प्लेयर बन गए हैं।