एयरपॉड्स उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी बढ़ी
भोपाल [ महामीडिया]
भारत ऐपल के एयरपॉड्स के वैश्विक उत्पादन में धीरे-धीरे अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहा है। हालांकि वियतनाम इस मामले में सबसे आगे है और इसके बाद चीन का स्थान आता है लेकिन इस साल इन दोनों ही देशों ने भारत के हाथों अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा गवांया है। वर्ष 2025 में एयरपॉड्स की वैश्विक असेंबली में भारत की हिस्सेदारी केवल 1 प्रतिशत थी और पिछले साल अप्रैल में ही यहां उत्पादन शुरू हुआ था। लेकिन अब उसने अपनी स्थिति मजबूत की है और कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली तिमाही में 4 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली है। इसके परिणामस्वरूप सबसे ज्यादा हिस्सेदारी वाले वियतनाम का हिस्सा कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली तिमाही में घटकर 62 प्रतिशत रह गया है जो कैलेंडर वर्ष 2025 में 64 प्रतिशत था। इसी तरह असेंबली में चीन की हिस्सेदारी कैलेंडर वर्ष 2025 में 35 प्रतिशत से घटकर कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली तिमाही में 34 प्रतिशत रह गई है। ताइवान की कंपनी इस मामले में पहले ही तेजी से काम कर रही है। पिछले साल उसने एयरपॉड्स बनाने की अपनी क्षमता को दोगुना करके हर महीने 2,00,000 तक पहुंचाने की योजना पर काम किया।