महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक के यहाँ छापा
भोपाल [ महामीडिया]
इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने आज बुधवार सुबह महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक लक्ष्मी नारायण कंडवाल के ठिकानों पर छापा मारा है। लोकायुक्त को शुरुआती जांच में उनके पास आय से अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं। इस पर कार्रवाई की गई है और उनके ठिकानों पर कार्रवाई जारी है।सत्यापन में प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति अर्जित करना सामने आने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद बुधवार को छापामार कार्रवाई शुरू की गई। उनके स्कीम नंबर 103 में पांच मंजिला मकान पर छापा मारा गया। उनका सुपर स्टोर और जिम भी है। उनके इन सभी ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। लक्ष्मी नारायण कंडवाल के ठिकानों पर 2.5 करोड़ की आय पर 9.5 करोड़ की संपत्ति बताई जा रही है । लोकायुक्त जांच के अनुसार उनकी सेवा अवधि लगभग 30 साल (1996 से पदस्थ) है। इस दौरान वेतन से प्राप्त कुल आय करीब 2.5 करोड़ रुपये होती है। वहीं उनकी सत्यापित संपत्ति करीब 9.5 करोड़ रुपये है। स्कीम नंबर-103 में 252 वर्गमीटर के व्यावसायिक भूखंड पर लगभग 13,500 वर्गफीट का बहुमंजिला निर्माण है जिसमें व्यावसायिक परिसर और आलीशान आवास शामिल हैं। स्कीम नंबर-140 में लगभग 1000-1000 वर्गफीट के दो प्लॉट हैं। पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र से लगे तारपुरा, बेकलाय, बनेड़िया सहित ग्रामीण क्षेत्रों में 11 मूल्यवान भूखंड भी हैं। लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है। दस्तावेजों और संपत्तियों के आधार पर अनुपातहीन संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।