फिनिक्स गैस एजेंसी में अनियमितता उजागर

फिनिक्स गैस एजेंसी में अनियमितता उजागर

भोपाल [ महामीडिया]  

मिनाल रेसीडेंसी की फिनिक्स गैस एजेंसी (एचपी) में स्टॉक के हेरफेर का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच में 40 से ज्यादा ऐसे उपभोक्ता मिले हैं जिनके घर सिलेंडर पहुंचा ही नहीं लेकिन मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज चला गया। मामला सामने आने पर उपभोक्ताओं ने विरोध किया जिसके बाद जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि 8 और 9 अप्रैल को दो ट्रक (684 सिलेंडर) एजेंसी को भेजे गए थे। इनमें से कई सिलेंडर बिना ओटीपी के ही वितरित कर दिए गए। इसके बाद कंपनी ने नया स्टॉक रोक दिया। अब पुराने सिलेंडरों के रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। खाद्य विभाग के प्रयास के बाद फिलहाल नया स्टॉक जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि पूर्व सहायक आपूर्ति अधिकारी बीपी शर्मा ने कलेक्टोरेट में पदस्थ रहते हुए एजेंसी की सख्ती से जांच शुरू की थी जिसमें कई गड़बड़ियां सामने आई थीं। दबाव बनाया और बाद में यह गैस एजेंसी खुद खरीद ली। उनके पास रिश्तेदारों के नाम पर अन्य एजेंसियां होने की भी जांच की जा रही है। हालांकि इनकी गड़बड़ियों के बारे में कोई खुलासा नहीं हुआ है। जांच रिपोर्ट एक-दो दिन में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को सौंपी जाएगी।

सम्बंधित ख़बरें