भावातीत ध्यान की साधना से सब सधेगा : ब्रह्मचारी गिरीश जी

भावातीत ध्यान की साधना से सब सधेगा : ब्रह्मचारी गिरीश जी

भोपाल (महामीडिया) आज महर्षि सेंटर फॉर एजुकेशनल एक्सीलेंस, सभागार,भोपाल में दस दिवसीय महर्षि संस्थान का परिचय एवं महर्षि चेतना आधारित शिक्षा के प्रशिक्षण प्रदान करने के संबंध में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के पूर्णता समारोह की अध्यक्षता करते हुए महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के अध्यक्ष वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कहा कि आप सभी प्राचार्यों ने जो ज्ञान प्राप्त किया है और जिसका प्रस्तुतीकरण किया है वह स्वागत योग्य है लेकिन इन सभी को आपको चेतना में ग्रहण करना पड़ेगा क्योंकि आपके इस ज्ञान के प्रकाश को आगे फैलाना है। प्रतिदिन समय निकालकर साधना करनी है अपनी ड्यूटी तो चलती रहेगी इन दोनों के बीच संतुलन को साधिए ताकि ज्ञान की इस साधना से सब कुछ सध जाएगा। जितनी आप सभी को वाह्य साधना करनी है उतनी ही आपको आंतरिक साधना करनी है। इस अवसर पर ब्रह्मचारी गिरीश जी ने अपने जीवन के एक दृष्टांत की चर्चा करते हुए विस्तार पूर्वक बताया कि बाह्य साधना एवं आंतरिक साधना की दृष्टि में कितना अंतर होता है। ब्रह्मचारी जी का कहना था कि हम सभी को महर्षि चेतना आधारित शिक्षा की जड़ों से जुड़ना होगा यदि हम सभी ने उसको पकड़ लिया तो सब कुछ पकड़ में आ जाएगा। मस्तिष्क एवं चेतना में समन्वय की आवश्यकता है जो कि हमारे महर्षि वैदिक शिक्षण पद्धति की एक अनूठी उपलब्धि है। इस अवसर पर ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी ने सभी को सोना ना खरीदने की एवं ईंधन की बचत का संदेश दिया है जो की हमारे विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित बनाए रखने के लिए बहुत आवश्यक है इसलिए आप सभी लोग इसका परिपालन अवश्य करें क्योंकि हमने तो वर्षों पूर्व अंगूठी एवं चैन पहनना छोड़ दिया है। इसके पश्चात सभी उपस्थित प्राचार्यों ने चार अलग-अलग समूहों में प्राप्त किए गए प्रशिक्षण के अनुभवों के बारे में अपना अपना प्रस्तुतिकरण दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के ऊपर रिपोर्ट का प्रस्तुतीकरण करते हुए विभिन्न प्रशिक्षकों द्वारा 10 दिवस के अंदर सिखाए गए विभिन्न विषयों पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रो. भुवनेश शर्मा , महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के निदेशक संचार एवं जनसंपर्क विजय रत्न खरे , महर्षि विश्व शांति आंदोलन की राष्ट्रीय संचार सचिव श्रीमती आर्या नंद कुमार,चेतना आधारित शिक्षा के राष्ट्रीय समन्वयक आर. एस.पटवारी, भावातीत ध्यान एवं सिद्धि कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक राम विनोद गौर सहित अन्य लोग उपस्थित थे। आज के कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि संस्थान की परंपरा अनुसार गुरु परंपरा पूजन एवं शांति पाठ के साथ प्रारंभ हुआ था। महर्षि संस्थान के नवागत प्राचार्यों के लिए यह 10 दिवस की प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था जो की 6 मई प्रारंभ होकर आज 15 मई तक चला। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह एवं महर्षि वैदिक प्रशासक प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था।

सम्बंधित ख़बरें