मणिपुर में 31 नागा, कुकी बंधक रिहा

मणिपुर में 31 नागा, कुकी बंधक रिहा

इम्फाल (महामीडिया):  मणिपुर के कांगपोकपी और सेनापति जिलों में हथियारबंद समूहों द्वारा बंधक बनाए गए कुकी और नगा समुदायों के 38 में से 31 लोगों को रिहा कर दिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 
बुधवार को कांगपोकपी में संदिग्ध उग्रवादियों ने गिरजाघर के तीन पदाधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी और चार अन्य को घायल कर दिया, जबकि नोनी जिले में एक नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। इसके बाद इन लोगों को अज्ञात क्षेत्रों में ले जाया गया।
 
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हथियारबंद उग्रवादियों द्वारा बंधक बनाई गईं 12 नगा महिलाओं को मखान गांव में रिहा कर दिया गया।’’
 
उन्होंने बताया कि सेनापति जिले में बंधक बनाए गए कुकी समुदाय के चार पुरुषों और 10 महिलाओं को बृहस्पतिवार देर रात सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया गया।
 
अधिकारी ने यह भी कहा, ‘‘नगालैंड से एक व्यक्ति सहित ‘सेल्सियन ऑफ डॉन बॉस्को’ के दो सदस्यों को भी हथियारबंद समूहों ने अलग-अलग स्थानों से रिहा किया।’’

सम्बंधित ख़बरें