म.प्र.के 16 नगर निगमों में 12-12 एल्डरमैन नियुक्त होंगे
भोपाल [ महामीडिया] म.प्र. के 16 नगर निगमों में 12-12 एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे। इनमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, रीवा, सतना, सिंगरौली, मुरैना, छिंदवाड़ा, देवास, कटनी, रतलाम, खंडवा और बुरहानपुर शामिल हैं। सबसे ज्यादा चर्चा इन्हीं नगर निगमों को लेकर है क्योंकि बड़े शहरों में संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच संतुलन बनाना पार्टी के लिए चुनौती माना जाता है। जिला स्तर के कोर ग्रुप संभावित नाम पहले ही प्रदेश नेतृत्व को भेज चुके हैं और अंतिम सहमति की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा इन नियुक्तियों के जरिए स्थानीय स्तर पर अपना चुनावी नेटवर्क मजबूत करना चाहती है। एल्डरमैन परिषद की बैठकों में भाग लेकर स्थानीय मुद्दों से सीधे जुड़ते हैं और संगठन तथा परिषद के बीच समन्वय की भूमिका निभाते हैं। मतदान का अधिकार नहीं होने के बावजूद स्थानीय राजनीति में उनकी पकड़ प्रभावशाली मानी जाती है। यही कारण है कि भाजपा इन्हें आगामी नगरीय निकाय चुनावों के लिए ग्राउंड मैनेजर के रूप में तैयार कर रही है।