अहंकार के त्याग का प्रतीक है तिरुपति बालाजी मंदिर में बालों का दान
भोपाल [ महामीडिया] आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में स्थित दुनिया के सबसे अमीर मंदिरों में शामिल भगवान वेंकटेश्वर के तिरुपति बालाजी मंदिर में इस साल मई के महीने में आस्था का अनोखा सैलाब देखने को मिला। जहां मात्र 27 दिनों में (1 मई से 27 मई के बीच) 12.43 लाख से ज्यादा भक्तों ने अपने बालों का दान किया। तिरुपति बालाजी मंदिर में भगवान को अपने बाल अर्पित करने का मतलब अहंकार के त्याग का प्रतीक माना जाता है। यहां आने वाले कई भक्त जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं अपने बालों का दान करते हैं। रोजाना एक टन से ज्यादा बाल एकत्र होते हैं। इन बालों को मंदिर प्रशासन द्वारा निलामी के जरिए बेचा जाता है। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में तिरुमला पहाड़ियों पर स्थित तिरुपति बालाजी (श्री वेंकटेश्वर) दुनिया के सबसे अधिक देखे जाने वाले और सबसे धनी मंदिरों में से एक है। यह स्थान भगवान विष्णु के अवतार भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित है और इसे 'कलयुग का वैकुंठ' भी कहा जाता है।