आईडीबीआई बैंक की विनिवेश प्रक्रिया जारी रहेगी
भोपाल [ महामीडिया]
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि आईडीबीआई बैंक के विनिवेश की प्रक्रिया जारी रहेगी। वित्त मंत्री का यह बयान उन खबरों के बाद आया है कि बोलियां निर्धारित आरक्षित मूल्य से कम रहने की वजह से केंद्र सरकार ने आईडीबीआई बैंक की प्रस्तावित बिक्री की योजना रद्द कर दी है। सरकार आईडीबीआई बैंक में अपनी 30.48 प्रतिशत और एलआईसी अपनी 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचना चाहती है ।
सीतारमण वित्त मंत्री ने कहा कि वरिष्ठ बैंक अधिकारियों की एक समिति इस बात पर विचार कर रही है कि क्या बैंकों को तीसरे पक्ष के उत्पादों (थर्ड पार्टी प्रोडक्ट) की बिक्री के लिए एकाधिकार वितरण समझौते की अनुमति दी जाए या ओपन आर्किटेक्चर मॉडल अपनाया जाए। ओपन आर्किटेक्चर मॉडल के तहत वित्तीय संस्थानों को अपने और बाहरी (थर्ड पार्टी) उत्पाद और सेवाएं (जैसे म्युच्युअल फंड, बीमा) ग्राहकों को पेश करने की इजाजत होती है। स्टेट बैंक लाइफ का जीवन बीमा पॉलिसियों की बिक्री के लिए स्टेट बैंक के साथ एकाधिकार समझौता है। बैंकों को अपनी बीमा सहायक कंपनियों के साथ एकाधिकार गठजोड़ से बचने और तटस्थ रहने के निर्देश दिए जाने की खबरों के बाद ओपन आर्किटेक्चर मॉडल का मुद्दा चर्चा में आया।बीमा कंपनियों में स्टेट बैंक लाइफ का लगभग 60 फीसदी से अधिक कारोबार बैंक बीमा चैनल से आता है और इसमें एक बड़ा हिस्सा स्टेट बैंक से आता है। वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि इस वर्ष के बजट में घोषित बैंकिंग पर उच्च-स्तरीय समिति इस बात की पड़ताल करेगी कि भारतीय बैंकों कोचुनौतियों का सामना करने के लिए किस प्रकार कदम बढ़ाने की जरूरत है।