कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में नीट पर हुई चर्चा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में नीट पर हुई चर्चा

नई दिल्ली (महामीडिया): कांग्रेस नेतृत्व ने बृहस्पतिवार को अपने महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और राज्य इकाइयों के अध्यक्षों के साथ बैठक की, जिसमें संगठन से जुड़े मुद्दों, मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली तथा वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा की गई।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में पार्टी के आगे के कार्यक्रमों एवं रणनीति पर भी चर्चा की गई।
 
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, जयराम रमेश और कई अन्य नेता मौजूद थे।
 
हालिया विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस महासचिवों एवं प्रभारियों की संयुक्त रूप से यह बैठक पहली बार हुई है।
 
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज देश के सामने महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षा घोटाले और सामाजिक असमानता जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। नीट, विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों ने करोड़ों युवाओं और उनके परिवारों का विश्वास हिलाया है। राहुल गांधी स्वयं प्रभावित छात्रों और युवाओं से मिले हैं तथा उनकी आवाज़ को देश के सामने मजबूती से रखा है।’’

सम्बंधित ख़बरें