नवीनतम
शिवसेना UBT के 6 सांसद आज शिंदे गुट में विलय करेंगे
मुंबई (महामीडिया): महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना विधायक प्रताप सारनाईक ने दावा किया है कि उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के 6 बागी सांसद आज दोपहर 3 बजे एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लेटर सौंप दिया है।
पार्टी में बगावत के बीच उद्धव 27 जून से महाराष्ट्र में जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इस दौरान वे बागी सांसदों के लोकसभा क्षेत्रों में भी जाएंगे। पार्टी की तरफ से जारी शेड्यल के अनुसार, उद्धव 27 जून को यवतमाल, वाशिम और हिंगोली जाएंगे। 28 जून को परभणी और धाराशिव का दौरा करेंगे। 29 जून को शिर्डी पहुंचेंगे।
इधर, उद्धव के बेटे आदित्य ठाकरे ने X पर बागी सांसदों की आलोचना की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने साबित कर दिया है कि उनकी वफादारी बिकाऊ है। कम से कम यह मान लीजिए कि लालच की वजह से आपने रातोंरात बिना किसी शर्म के यह सब छोड़ दिया।
उद्धव गुट के 6 सांसदों के बागी होने से लोकसभा में शिंदे गुट की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो जाएगी। उद्धव गुट में 9 में सिर्फ 3 सांसद बचेंगे। बागी सांसदों में संजय देशमुख, नागेश पाटिल अष्टीकर, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, संजय दीना पाटिल और ओमप्रकाश राजे निंबालकर शामिल हैं।
ये सभी सांसद 18 जून को शिवसेना (UBT) की संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए थे। बैठक में सिर्फ 3 सांसद- अनिल देसाई, अरविंद सावंत और राजाभाऊ वाजे पहुंचे। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा था कि हमारे सांसदों को किडनैप किया गया है। जो बैठक में नहीं आएगा वो गद्दार है।