टेस्ट मैचों में गुलाबी गेंद की अनुमति मिल सकती है
भोपाल [ महामीडिया] आईसीसी क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में बड़े बदलावों की तैयारी कर रही है। सबसे अहम प्रस्ताव लाल बॉल से शुरू हुए किसी टेस्ट मैच के बीच गुलाबी गेंद का इस्तेमाल करना है। गेंद उन स्थितियों में बदली जाएगी जब खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया हो।लाल गेंद फ्लड लाइट्स में ठीक से नहीं दिखती है। जितनी देर खराब रोशनी हो उतनी देर लाल की जगह गुलाबी गेंद से खेल हो। हालांकि इसके लिए मैच खेल रही दोनों टीमों के कप्तानों को सहमति देनी होगी। यह प्रस्ताव सिर्फ दिन में होने वाले टेस्ट मैचों के लिए है। साथ ही ये नियम उन्हीं ग्राउंड पर लागू हो सकते हैं जहां पहले से फ्लड लाइट्स लगे हों। डे-नाइट टेस्ट मैच पूरी तरह से गुलाबी गेंद से ही होते हैं। इन प्रस्तावों पर 30 मई को अहमदाबाद में होने वाली आईसीसी बोर्ड बैठक में चर्चा होगी और मंजूरी मिलने पर नए नियम 1 अक्टूबर से लागू किए जा सकते हैं।