तीन राज्यों के जंगलों में आग
भोपाल [ महा मीडिया]
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के जंगलों में लगी आग वहां की सरकारों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है । हिमाचल प्रदेश के सोलन के कसौली में लगी आग सैन्य प्रतिष्ठानों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच गई है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में जंगल की आग गंगोत्री हाईवे तक पहुंच गई और धुएं से घिरे एक गेस्ट हाउस से 70 यात्रियों को सुरक्षित निकालना पड़ा। वहीं जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और रामबन जिलों में कई दिनों से जंगल धधक रहे हैं और कई गाँव आग की चपेट में आ गए। इसके बाद भारतीय वायुसेना को राहत अभियान में उतारना पड़ा। धुएं के घने गुबार से पहाड़ों में विजिबिलिटी घट गई है और कई इलाकों में लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। तेज गर्मी, सूखे जंगल और तेज हवाओं के कारण आग लगातार फैल रही है। हिमाचल में वायुसेना ने रात में भी हेलीकॉप्टर ऑपरेशन जारी रखा जबकि जम्मू-कश्मीर में दुर्गम पहाड़ी इलाकों और तेज हवाओं के कारण राहत अभियान प्रभावित हो रहा है।