नवीनतम
नीट प्रश्नपत्र लीक: SC ने जवाबदेही तय किये जाने पर जोर दिया
नई दिल्ली (महामीडिया): उच्चतम न्यायालय ने नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में हुई चूक को लेकर जवाबदेही तय किये जाने पर शुक्रवार को जोर दिया और कहा कि यदि ऐसा कुछ होता है, तो यह न केवल विद्यार्थियों बल्कि उनके परिवारों के लिए भी ‘‘वास्तव में बहुत दुखद’’ होता है।
न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आलोक आराधे की पीठ ने इस मामले पर याचिकाओं की सुनवाई करते हुए कहा, ‘‘हमें अपने युवाओं को निराश नहीं करना चाहिए।’’
सुप्रीम कोर्ट ने NTA की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त किया और पूछा कि निगरानी समितियों और सुरक्षा उपायों के बावजूद यह बड़ी चूक कैसे हुई। कोर्ट ने टिप्पणी की कि यूपीएससी परीक्षाओं में कभी पेपर लीक जैसी समस्या नहीं आई और NTA को उनसे सीख लेनी चाहिए। अदालत ने जोर देकर कहा कि सिस्टम की विफलता के मामलों में जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और मामले की अगली सुनवाई के लिए कार्यवाही जारी रहेगी।
सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं ताकि कोई चूक न हो।
देशभर में 3 मई को NEET-UG परीक्षा हुई थी। 7 मई की शाम पेपर लीक की खबर सामने आई थी। 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। 21 जून को री-एग्जाम होगा।