नवीनतम
ट्विशा मौत मामला: 5 दिन की सीबीआई रिमांड पर गिरिबाला-समर्थ
भोपाल (महामीडिया): एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने शुक्रवार को सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जांच एजेंसी ने दोनों की 5-5 दिन की रिमांड मांगी। कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर ली है। वहीं, आरोपी पक्ष के वकील ने भी रिमांड की मांग का विरोध नहीं किया।
समर्थ सिंह पहले से 7 दिन की सीबीआई रिमांड पर था। शुक्रवार को रिमांड खत्म होने पर उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। दोपहर 12:34 बजे से 2:08 बजे तक दोनों आरोपी कोर्ट रूम में मौजूद रहे। इसके बाद सीबीआई टीम उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, रिमांड के दौरान सीबीआई गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी समर्थ से यह भी पूछेगी कि फरारी के दौरान वह कहां रहा और किन लोगों के संपर्क में था।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, जांच में अब 'टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन' तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत एजेंसी ट्विशा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार कर रही है। इसका मकसद घटना से पहले और बाद की हर गतिविधि को मिनट-दर-मिनट समझना है, ताकि मौत से जुड़ी परिस्थितियों की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
28 मई की सुबह साढ़े 10 बजे सीबीआई की टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी। जहां एक कमरे में 7 घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
जांच एजेंसी ने 25 मई की रात इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की थी। बीते तीन दिन में सीबीआई ने पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया। स्पॉट वेरिफिकेशन के दौरान जांच एजेंसी को ऐसे संकेत मिले, जिनसे सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका मजबूत हुई है।
सीबीआई अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन और डिजिटल एविडेंस का इन्वेस्टिगेशन कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि घटना की रात किन-किन लोगों से संपर्क किया गया था और मौत के बाद घटनास्थल पर क्या बदलाव किए गए।