भारत का बंगनपल्ली आम सिंगापुर पहुंचा

भारत का बंगनपल्ली आम सिंगापुर पहुंचा

भोपाल [ महा मीडिया] 

भारत के ताज़े फलों के निर्यात क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। पहली बार भारत के 4.3 टन बंगनपल्ली आम समुद्री मार्ग से सफलतापूर्वक सिंगापुर पहुंचाए गए हैं। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय आम के बड़े पैमाने पर निर्यात की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा  रहा है। इससे किसानों के लिए नए निर्यात बाजार खुलने और उनकी आय बढ़ने की उम्मीद है। सिंगापुर में भारतीय आम अपने बेहतरीन स्वाद, खुशबू और गुणवत्ता के कारण पहले से ही काफी लोकप्रिय हैं। वहां बंगनपल्ली और केसर जैसी किस्मों की अच्छी मांग है। नई पहल के तहत आंध्र प्रदेश से 4.3 टन बंगनपल्ली आम विशेष ठंडे कंटेनर में समुद्री मार्ग से सिंगापुर भेजे गए। हवाई मार्ग की तुलना में समुद्री मार्ग से निर्यात करने पर परिवहन लागत में भारी कमी आई है। जहां हवाई मार्ग से आम भेजने का खर्च 150 से 250 रुपये प्रति किलो तक आता है वहीं समुद्री मार्ग से यह लागत घटकर केवल 13 से 20 रुपये प्रति किलो रह गई है। इससे निर्यातकों के साथ-साथ आम उत्पादक किसानों को भी बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। नई तकनीकों के कारण आमों की 'शेल्फ लाइफ' 30 दिन तक बढ़ गई है जिससे वे 16 दिन की समुद्री यात्रा के बाद भी बिल्कुल ताजी अवस्था में सिंगापुर पहुंचे हैं।

सम्बंधित ख़बरें