खामेनेई की अंतिम यात्रा कोम पहुंची
भोपाल [ महामीडिया] ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा आज मंगलवार को शियाओं के प्रमुख धार्मिक शहर कोम में निकाली जा रही है। तेहरान के बाद यहां भी लगातार दूसरे दिन लाखों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे हैं। खामेनेई और उनके परिवार के दिवंगत सदस्यों के ताबूत जमकरान मस्जिद लाए गए, जहां आयतुल्ला जवादी अमोली ने जनाजे की नमाज अदा कराई। मस्जिद परिसर और आसपास की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ड्रोन फुटेज में पूरा इलाका लोगों से खचाखच भरा दिखाई दिया।कोम शिया मुसलमानों का प्रमुख धार्मिक केंद्र है। खामेनेई ने अपने शुरुआती धार्मिक जीवन में यहीं इस्लामी शिक्षा हासिल की थी। इसलिए उनकी अंतिम यात्रा का यह पड़ाव खास माना जा रहा है। 8 जुलाई को खामेनेई के ताबूत को इराक के नजफ और कर्बाला ले जाया जाएगा। यहां इराक के शिया समुदाय के अंतिम दर्शन के लिए जनाजे का जुलूस निकाला जाएगा।