नवीनतम
आदर्श जीवन पाना विद्यार्थियों का लक्ष्य हो: ब्रह्मचारी गिरीश जी
भोपाल [ महामीडिया] महर्षि सेंटर फॉर एजुकेशनल एक्सीलेंस सभागार भोपाल में आज 10 दिवसीय महर्षि वैदिक जीवन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र एवं छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरित करते हुए महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह के अध्यक्ष वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश जी ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विविध राज्यों, विविध भाषाओं के समन्वय से एक लघु भारत बन गया है जहां विविध संस्कृतियों की उपस्थिति विद्यमान है। आदर्श जीवन पाना विद्यार्थियों का लक्ष्य होना चाहिए। आप सभी लोगों को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अर्जित ज्ञान को अपने-अपने प्रदेश, शहर, विद्यालय एवं अपने मित्रों के बीच ले जाकर फैलाना है ताकि सभी लोगों को महर्षि वैदिक ज्ञान के बारे में अधिक से अधिक जानकारी मिल सके। ब्रह्मचारी गिरीश जी ने इस अवसर पर बताया कि बिना ज्ञान के मुक्ति नहीं है अर्थात मोक्ष नहीं है। यही हम सब का ध्येय है। उनका कहना था कि आप जहां भी समझ में खड़े हो जाएं वहां पर आपका व्यक्तित्व, मर्यादा और पहचान परिलक्षित होनी चाहिए। आप सभी लोगों को अपने पैरों को मजबूत रखना है भले ही कोई कितना भी अपनी ओर खींचे हमें मजबूती के साथ अपने स्थान पर खड़े रहना है। हां इसके लिए हम सभी को अपनी वाणी एवं भाषा सदैव शुद्ध एवं सकारात्मक रखना होगा यही हमारी वह पहचान है जो हमारी सादगी एवं व्यक्तित्व को रेखांकित करती है। इसके लिए आप सभी लोगों को प्रतिदिन 20 मिनट का नियमित भावातीत ध्यान एवं सिद्धि का अभ्यास जारी रखना है एवं महर्षि संस्थान द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे अवसर ग्लोबल लीडर कार्यक्रम के लिए अपने आप को तैयार करना है। इसके बाद ब्रह्मचारी गिरीश जी ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 122 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को शील्ड देकर सम्मानित करते हुए घोषणा की कि महर्षि संस्थान गायन एवं वादन के क्षेत्र में इस सत्र से छात्रवृत्ति प्रदान करेगा जिसके लिए जल्दी ही सूचना जारी की जाएगी। इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में अपने अनुभव साझा करते हुए महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय के काव्य चौहान ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को शांति प्रदान करने वाला एवं आत्मविश्वास बढ़ाने वाला एक प्रशिक्षण कार्यक्रम बताया जबकि महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय चेन्नई के रतन जत्री ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मेरे जीवन को बदल दिया है सकारात्मक एवं वैदिक ज्ञान ने मेरे जीवन में गहरी छाप छोड़ी है जिसके कारण मैं बहुत सकारात्मक बदलाव महसूस कर रहा हूं। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि संस्थान की परंपरा अनुसार गुरु परंपरा पूजन से प्रारंभ हुआ जबकि कार्यक्रम के अंत में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र एवं छात्राओं सहित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान मंच पर महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रो.भुवनेश शर्मा, निदेशक संचार एवं जनसंपर्क विजय रत्न खरे, महामीडिया पत्रिका के संपादक नीतेश परमार एवं महर्षि भावातीत एवं सिद्धि के राष्ट्रीय समन्वयक राम विनोद गौर उपस्थित थे। इस 10 दिवसीय महर्षि वैदिक जीवन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन महर्षि विद्या मंदिर विद्यालय समूह एवं महर्षि वैदिक प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था।