नवीनतम
म्यांमा के राष्ट्रपति ने गया जी में महाबोधि मंदिर में दर्शन किए
गया जी (महामीडिया): म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग ने शनिवार को बिहार के गया जी जिले में स्थित महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की।
महाबोधि मंदिर बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए तीर्थस्थल और संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) विश्व धरोहर स्थल है।
कई कैबिनेट मंत्रियों और व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ ह्लाइंग शनिवार सुबह भारत की अपनी पांच दिवसीय यात्रा के तहत गया जी पहुंचे।
हवाई अड्डे पर पहुंचने पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और राज्य के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उनका स्वागत किया तथा उन्हें औपचारिक सलामी गारद दिया गया।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘म्यांमा के राष्ट्रपति ने भगवान बुद्ध के जीवन से संबंधित चार पवित्र स्थलों में से एक महाबोधि मंदिर का दौरा किया और वहां प्रार्थना की।’’
सिन्हा ने कहा कि बोधगया जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी, उस पवित्र भूमि पर आंग ह्लाइंग की यात्रा भारत और म्यांमा के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राज्य के कृषि मंत्री ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत और म्यांमा के बीच सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, बौद्ध विरासत और पारस्परिक विकास के संबंध लगातार नयी ऊंचाइयों को छू रहे हैं।’’